वृंदावन कोतवाली पहुंचे दो गुट आपस में भिड़े, जमकर चले लात घूँसे
Gargachary Times
2 January 2026, 19:54
127 views
Mathura
थाना वृन्दावन में गुरुवार की सांय विवाद के बाद शिकायत करने पहुंचे दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों में थाने में ही जमकर मारपीट होने लगी। हालात बिगड़ते देखकर काबू करने के लिए पुलिस को हल्के फुल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने मर्यादा का उलंघन करने के आरोप में दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया। कुछ देर के लिए थाने में अफरा तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला विगत तीन साल से अपने पति को छोड़कर अन्य एक व्यक्ति के साथ रह रही है। जिसकी शिकायत करने के लिए उसका पति अपने परिजनों के साथ वृंदावन कोतवाली आया था।
इसी बीच महिला व उसका आशिक भी कोतवाली पहुंच गया। फिर क्या था, पत्नी की बेवफाई से प्रताड़ित पति व उसके परिजनो ने थाने में उसके आशिक पर हाथ सेकना शुरू कर दिया। जिससे थाने में अफरा तफरी मच गई। शोर शराबे को देख थाने में मौजूद पुलिस कर्मी बीच बचाव करने लगे। लेकिन जब झगड़ा कर रहे लोग पुलिस के समझाने के बाद भी शांत नहीं हुए तो पुलिस को हल्के फुल्के बल का प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने झगड़ा करने वाले दोनों पक्षों के लोगो को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।