खिचड़ी महोत्सव को लेकर गौरानगर कॉलोनी में हुआ प्रसाद वितरण
Gargachary Times
3 January 2026, 18:56
270 views
Mathura
वृंदावन में पौष मास के दौरान मनाए जाने वाले खिचड़ी महोत्सव को लेकर नगर में उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में नगर की गौरानगर कॉलोनी में विगत 17 वर्षों से निरंतर खिचड़ी प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को इस पावन आयोजन का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडे एवं व्यापार मंडल के चेयरमैन धनेंद्र अग्रवाल बॉबी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए व्यापार मंडल के चेयरमैन धनेंद्र अग्रवाल बॉबी ने बताया कि गौरानगर कॉलोनी में यह आयोजन पिछले 17 वर्षों से व्यापार मंडल के संरक्षक राजकुमार अग्रवाल (कपड़े वाले) के सानिध्य में नियमित रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खिचड़ी महोत्सव वृंदावन की धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसका उद्देश्य सेवा व भक्ति भाव को आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर आलोक बंसल, भीमसेन अग्रवाल, बाबू दास यादव, पप्पू गोस्वामी, राम चौधरी, विशाल अग्रवाल, जयंत गोयल, अजीत गोयल, पुष्कर शर्मा, मोहन वल्लभ शर्मा, ब्रजमोहन कुशवाह, शुभम कुशवाह, गिरधर शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।