प्राचीन पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर आस्था के मेले का शुभारंभ, सोमवार को उमड़ेगा शिव भक्तों का रेला
Gargachary Times
3 August 2025, 19:52
69 views
Agra
रविवार को अपराह्न 3 बजे पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर हर हर महादेव के उदघोष,वैदिक मंत्रोच्चार एवम विधि विधान से जलाभिषेक, पूजन और भोग लगाकर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय,केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, विजय शिवहरे ,डॉ अलौकिक उपाध्याय ने मेले का शुभारंभ किया।
मंदिर के महंत अजय राजौरिया ने बताया कि पवित्र श्रावण मास के चौथे सोमवार को मंदिर पर प्रातः 3.30 बजे जलाभिषेक व रुद्राभिषेक और प्रातः 4 बजे आरती के बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे। दिन भर में छह पहर की आरती होगी।
शिवभक्त श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, शहद, घी, इत्र,गंगाजल आदि अर्पित करके बाबा भोलेनाथ का गुणगान करेंगे।
और दिन भर भक्तों की ओर से जलाभिषेक,दुग्धाभिषेक,दर्शन और पूजन जारी रहेगा। शाम 6 बजे बाबा पृथ्वीनाथ का शृंगार तत्पश्चात आरती और फूल बंगला सजाकर, छप्पन भोग अर्पित किए जायेंगे। भजन संध्या में कलाकार भगवान के सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। शयन आरती रात 11.30 बजे और रात्रि 12 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
मेला शुभारंभ के बाद कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मेले भारतीय संस्कृति और सभ्यता की प्राचीन धरोहर हैं।सामाजिक सौहार्द, एकता, सांस्कृतिक विरासत,परंपराओं को सहेजने में मेलों की महती भूमिका होती है। उन्होंने पूजन के दौरान शहर और विश्व के कल्याण के लिए बाबा पृथ्वीनाथ से प्रार्थना की है।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, एमएलसी,विजय शिवहरे, डॉ अलौकिक उपाध्याय,के के भारद्वाज,पार्षद गुड्डू मेनन,मीनाक्षी वर्मा,सुनील कर्मचंदानी, नवीन गौतम, राहुल सागर,रामबाबू हरित,हेमंत भोजवानी, देवेश पचौरी,ग्रीस भारद्वाज,उषा शर्मा,संतोषी लाल वर्मा,रश्मि कुशवाह,निशा दुबे,रोहित कत्याल,रवि दिवाकर, ब्रजमोहन कैन,साहब सिंह वर्मा,अजय शर्मा एडवोकेट,गौरव शर्मा,बबलू चाहर आदि प्रमुख सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
मेले में सज गईं दुकानें
मेले में खिलौने, साज-सज्जा व दैनिक उपयोग के सामान, खान-पान की अस्थाई दुकानें रविवार को सुबह से ही सजना शुरू हो गईं। छोटे झूले भी लगे हैं। प्रशासन ने मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया है। सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मंदिर में श्रद्धालु पंक्ति बद्ध होकर प्रवेश द्वार से प्रवेश करेंगे,दर्शन पूजन के बाद निकास द्वार से प्रस्थान करने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वार पर डीएफएमडी लगाई गई हैं। और बेरीकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल,स्वयंसेवक और सामाजिक संस्थाएं मुस्तैद रहेंगी। मंदिर को फूलों और झालरों से आकर्षक सजाया गया।