कृषि विकास प्रयोगशाला, चम्बल द्वारा ग्राम पंचायत परखम में किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
Gargachary Times
9 January 2026, 19:51
134 views
Mathura
फरह: ग्राम पंचायत परखम में कृषि विकास प्रयोगशाला, चम्बल फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड द्वारा किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जे. एम. सैनी (मैनेजर – रिसर्च एंड डेवलपमेंट) ने विशेष सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सतेंद्र कुमार द्वारा किया गया।
डॉ. सतेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं, अनुसंधान गतिविधियों तथा कृषि विकास प्रयोगशाला के माध्यम से किसानों के लिए विकसित की गई आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. जे. एम. सैनी ने वर्तमान मौसम को ध्यान में रखते हुए आलू एवं सरसों की फसलों में लगने वाली रोग-बीमारियों से बचाव के उपाय बताए तथा फसल पोषण के संतुलित प्रबंधन पर किसानों को मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में परखम चौकी इंचार्ज श्री के. पी. सिंह ने भी सहभागिता की। उन्होंने ग्रामवासियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा गांव में आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने चम्बल फर्टिलाइजर्स द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
ग्राम प्रधान ने भी किसानों को संबोधित करते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और किसानों से आधुनिक एवं संतुलित कृषि पद्धतियाँ अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।