Loading...

यातायात व्यवस्था को लेकर डीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने की अधिकारियों के साथ बैठक

Gargachary Times 9 January 2026, 20:01 232 views
Mathura
यातायात व्यवस्था को लेकर डीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने की अधिकारियों के साथ बैठक
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद की यातायात व्यवस्था के संबंध में बैठक हुई संपन्न। बैठक का उद्देश्य जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने तथा विभिन्न प्रकार के आवश्यक सुझावों पर विचार-विमर्श करना था। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मथुरा–वृंदावन क्षेत्र में मार्ग प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा रूट निर्धारण के लिए नए यातायात नियम लागू किए जाए। नियमों के क्रियान्वयन से पूर्व जनसामान्य को प्रस्तावित परिवर्तनों के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक किया जाए। उन्होंने चिन्हित सर्वाधिक जाम वाले स्थलों पर तत्काल एवं प्रभावी कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान मथुरा शहर के गोवर्धन चौराहा, मंडी चौराहा, छटीकरा चौराहा एवं नरहौली तिराहा पर लगने वाले यातायात जाम के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई तथा वैकल्पिक व्यवस्थाओं के सुझाव आमंत्रित किए गए। गहन समीक्षा के उपरांत नरहौली तिराहे को सबसे जटिल एवं तात्कालिक ध्यान देने योग्य जाम बिंदु के रूप में चिन्हित किया गया। इस संबंध में सहमति बनी कि नरहौली तिराहे की समस्या के निराकरण हेतु यातायात पुलिस, पुलिस विभाग, नगर निगम, एनएचएआई, विद्युत विभाग सहित संबंधित सभी एजेंसियां समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेंगी। गोवर्धन चौराहा, छटीकरा चौराहा एवं मंडी चौराहा को त्वरित कार्यवाही हेतु अधिक उपयुक्त बनाए जाने के निर्देश दिए गए। इसके अंतर्गत चौराहों के निकट स्थित पुलिस चौकी को शिफ्ट किया जाना, वृक्षों की ट्रिमिंग, मार्गों पर लाइन मार्किंग, गोवर्धन चौराहे के निकट हाई-मास्ट को डिवाइडर पर स्थानांतरित करना, भारी वाहनों के आवागमन हेतु समय निर्धारण तथा सर्विस लेन के चौड़ीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही छटीकरा चौराहा, मंडी चौराहा एवं गोवर्धन चौराहे पर पर्व के दौरान किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा ई-रिक्शा के संचालन पर तत्काल सख्ती किए जाने की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा अवगत कराया गया कि यातायात में सबसे बड़ी बाधा ई-रिक्शा के कारण उत्पन्न हो रही है। इसके निवारण हेतु ई-रिक्शा मालिकों को तत्काल नोटिस जारी कर वाहन का पंजीकरण अनिवार्य किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि यात्रियों का चढ़ना एवं उतरना केवल एक ही दिशा से अनुमन्य होगा। इसके लिए ई-रिक्शा के एक ओर स्थायी रूप से रॉड वेल्ड कर या लॉक योग्य स्थायी दरवाजा लगाकर फैब्रिकेशन कराना अनिवार्य किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उपाध्यक्ष मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण लक्ष्मी एन, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मुख्य कार्यपालक अधिकारी उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सूरज पटेल, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश रावत, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मनोज कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24