Loading...

फ़िरोज़ाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात तीन दिन से लापता युवक की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में दहशत

Gargachary Times 11 January 2026, 21:10 193 views
Firozabad
फ़िरोज़ाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात तीन दिन से लापता युवक की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में दहशत
फ़िरोज़ाबाद। जनपद फ़िरोज़ाबाद एक बार फिर अपराध की भयावह तस्वीर से रूबरू हुआ है। बीते तीन दिनों से लापता 26 वर्षीय युवक की सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह खौफनाक शव थाना नारखी क्षेत्र के गांव जाखई में खेतों के बीच स्थित एक ट्यूबवेल की कोठरी से नग्न अवस्था में बरामद हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। मृतक की पहचान थाना उत्तर क्षेत्र के लक्ष्मी नगर निवासी सौरभ सिंह (26) पुत्र भोजराज सिंह के रूप में हुई है। परिजन बीते तीन दिनों से उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे थे, लेकिन किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि सौरभ की इतनी निर्ममता से हत्या कर दी गई होगी। सिर को धड़ से अलग कर दिया जाना और शव को सुनसान स्थान पर फेंकना, वारदात की क्रूरता और साजिश की ओर इशारा कर रहा है। सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने ट्यूबवेल की कोठरी में शव देखा तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर थाना नारखी पुलिस के साथ उच्चाधिकारी और फॉरेंसिक टीम पहुंची। घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की गई। शव की पहचान होते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। इस जघन्य हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग दिनदहाड़े इस तरह की वारदात को लेकर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी सहित सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। थाना नारखी इंस्पेक्टर राकेश कुमार गिरी और सीओ टूंडला अमरीश कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इस नृशंस हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Follow Samachar24