वृंदावन में युवक-युवती का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
Gargachary Times
11 January 2026, 21:13
100 views
Mathura
वृंदावन। नगर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक युवक और युवती का कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वीडियो के प्रसार के बाद स्थानीय लोगों के बीच दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो में युवक और युवती आपत्तिजनक अवस्था में दिखाई दे रहे हैं, जिसे मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में नाराज़गी भी देखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपत्तिजनक सामग्री का सोशल मीडिया पर प्रसार आईटी एक्ट के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। फिलहाल मामले की जांच रंगजी चौकी प्रभारी द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कहां का है और इसे किसने वायरल किया।
पुलिस के अनुसार अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम वीडियो की सत्यता, लोकेशन और तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री को न तो साझा करें और न ही आगे प्रसारित करें, क्योंकि ऐसा करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।