Loading...

बरसाना के श्रीजी मंदिर में दम घुटने से महिला की मौत, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर उठे सवाल, परिजनों ने जताया आक्रोश

Gargachary Times 11 January 2026, 22:01 131 views
Mathura
बरसाना के श्रीजी मंदिर में दम घुटने से महिला की मौत, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर उठे सवाल, परिजनों ने जताया आक्रोश
बरसाना। विश्वप्रसिद्ध बरसाना स्थित श्रीजी मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच दम घुटने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान गाजियाबाद निवासी 65 वर्षीय सविता पत्नी हरिशंकर प्रसाद त्यागी के रूप में हुई है। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार अवकाश होने के कारण सुबह से ही श्रीजी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। दोपहर करीब 11 बजे मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। इसी दौरान दर्शन के लिए आगे बढ़ रहीं सविता भीड़ में फंस गईं, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वह जमीन पर गिर पड़ीं। महिला के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। साथ आए लोगों और स्थानीय श्रद्धालुओं की मदद से महिला को भीड़ से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मथुरा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि मंदिर में भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं थीं। उनका कहना है कि इतने बड़े धार्मिक स्थल पर दर्शन के दौरान सुरक्षा और प्रबंधन को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। परिजनों ने बताया कि सविता अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर निकली थीं और मथुरा जंक्शन पहुंचने के बाद टैम्पो के माध्यम से बरसाना स्थित श्रीजी मंदिर दर्शन के लिए आई थीं। यह यात्रा उनके लिए दुखद हादसे में बदल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी देखी गई। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Follow Samachar24