Loading...

ब्रजवासी परिवार व कल्याण करोति नेत्र चिकित्सा संस्थान द्वारा कराया गया नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन

Gargachary Times 13 January 2026, 20:29 113 views
Mathura
ब्रजवासी परिवार व कल्याण करोति नेत्र चिकित्सा संस्थान द्वारा कराया गया नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन
सेवा केवल कार्य नहीं, बल्कि साधना है। जिस प्रकार साधना में अनुशासन, संयम और निरंतरता आवश्यक होती है, उसी प्रकार सेवा में भी मन, वचन और कर्म-तीनों की शुद्धता अनिवार्य है। सेवा करते समय यदि मन में राग-द्वेष, तुलना या किसी प्रकार की अपेक्षा आ जाए, तो सेवा की पवित्रता नष्ट हो जाती है। सेवा का अर्थ केवल दान देना ही नहीं है; बल्कि किसी के दुःख को समझना, समय देना, स्नेह देना और आवश्यकता पड़ने पर मौन रहना भी सेवा के ही रूप हैं। यह विचार श्रीमद् जगद्गुरु पीपाधीश्वराचार्य बलरामदास देवाचार्य महाराज द्वारा व्यक्त किए गए। ये विचार स्वर्गीय श्रीराम बाबू जी अग्रवाल एवं स्वर्गीय श्रीमती प्रेमवती अग्रवाल की पुण्य स्मृति में, बृजवासी परिवार के सौजन्य से, कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, मथुरा द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर के अवसर पर प्रस्तुत किए गए। यह शिविर कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड, मथुरा के प्रांगण में सम्पन्न हुआ। एडीएम नमामि गंगे राकेश सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शरीर में हर अंग का अपना-अपना महत्व होता है। जिस प्रकार अकेले व्यक्ति से परिवार नहीं बनता, उसी प्रकार शरीर के किसी एक अंग में भी दिक्कत आ जाए तो पूरा शरीर प्रभावित हो जाता है। सभी अंगों के आपसी सहयोग से ही शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है। उन्होंने कहा कि यहाँ नेत्र चिकित्सा एवं पुनर्वास के माध्यम से शरीर को संपूर्ण बनाने का कार्य किया जाता है। दृष्टि केवल देखने का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, आत्मसम्मान और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ी हुई है। जब किसी व्यक्ति की दृष्टि बाधित होती है, तो उसका प्रभाव केवल उसकी आँखों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे जीवन पर पड़ता है। इस निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में दूर-दराज के क्षेत्रों से आए कुल 348 नेत्र रोगियों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 101 नेत्र रोगियों की शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ चिकित्सीय टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई। शिविर में सभी रोगियों के लिए दवाइयाँ, चश्मे, भोजन, पलंग-बिस्तर सहित आवश्यक समस्त व्यवस्थाएँ पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम का संचालन निरूपम भार्गव ने किया। इस अवसर पर सुधा अग्रवाल, नितिन बाबू अग्रवाल, नितांशु, मेध अग्रवाल, रीना सारस्वत गाजियाबाद, सर्वेश कुमार शर्मा एडवोकेट, रामकिशोर पूर्व प्रधान बसौती, अमित प्रधान जिखनगांव, अशोक प्रधान खामनी, की पी सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Follow Samachar24