Loading...

कुदरा में गौकशी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश, ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तारी की मांग

Gargachary Times 13 January 2026, 20:36 114 views
Jalaun
कुदरा में गौकशी की घटना से व्यापारियों में आक्रोश, ज्ञापन सौंपकर गिरफ्तारी की मांग
कोंच, जालौन। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुदरा में हुई गौकशी की घटना ने क्षेत्र में तनाव और आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों द्वारा गौवंश के अवशेष देखे जाने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके विरोध में मंगलवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने पुलिस को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ग्राम कुदरा में बीती रात अज्ञात अराजक तत्वों ने अंधेरे का फायदा उठाकर गौकशी की घटना को अंजाम दिया। सुबह जब ग्रामीणों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर गौवंश के अवशेष देखे, तो भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। इसी क्रम में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार संदीप अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधिकारियों से मिला। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि इस जघन्य कृत्य से व्यापारियों और आम जनमानस की धार्मिक भावनाएं गहरी आहत हुई हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र का माहौल खराब करने वाले इन अपराधियों को चिह्नित कर जल्द से जल्द जेल भेजा जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रभंजन अग्रवाल, विनीत सोनी, देवेंद्र अग्रवाल, विनय बुहारे, लोकेन्द्र, अशोक कुमार अग्रवाल, शंकर दयाल, राम बिहारी और ओमशंकर सहित संगठन के तमाम कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Follow Samachar24