किशोरी से दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Gargachary Times
13 January 2026, 20:37
112 views
Jalaun
कोंच, जालौन। उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे कड़े अभियानों के बावजूद अपराधी बेखौफ नजर आ रहे हैं। थाना कैलिया के ग्राम गेंदोली और वर्तमान में नगर के नया पटेल नगर निवासी एक युवक द्वारा किशोरी के साथ नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बनाकर पिछले छह माह से ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आयुष्मान सिंह पुत्र राजकुमार उर्फ राजा ने एक किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर नगर के एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो भी बना लिया, जिसके आधार पर वह पिछले छह महीनों से किशोरी को डरा-धमकाकर लगातार अपनी हवस का शिकार बना रहा था। जब इस पूरी घटना की जानकारी किशोरी के परिजनों को हुई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता के पिता ने तत्काल कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64(1) और 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने मंगलवार को घेराबंदी कर आरोपी आयुष्मान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।