Loading...

कायाकल्प टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखीं

Gargachary Times 13 January 2026, 20:37 176 views
Jalaun
कायाकल्प टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखीं
कोंच, जालौन। स्थानीय उरई रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मंगलवार को कायाकल्प टीम ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई का जायजा लिया। डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. सुभाष और सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार शाक्य के नेतृत्व में पहुंची टीम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और कक्षों में जाकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की बारीकी से जांच की। टीम ने सबसे पहले आईसीटीसी कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं और वहां मौजूद दस्तावेजों का मिलान किया। इसके पश्चात नेत्र चिकित्सा कक्ष में टीम ने मरीजों से संवाद कर उन्हें मिलने वाली दवाओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान टीम पैथोलॉजी लैब भी पहुंची, जहां उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार हेतु कड़े निर्देश दिए। टीम ने लैब टेक्नीशियन को निर्देशित किया कि लैब के बाहर लेबल स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए और मरीजों के पर्चे की एंट्री बाहर ही सुनिश्चित की जाए। साथ ही रिपोर्ट वितरण के लिए अलग से विंडो बनाने और रजिस्ट्रेशन की सुविधा देने के निर्देश दिए गए। इंजेक्शन कक्ष और दवा वितरण कक्ष की जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर खंगाला गया, जिसमें खांसी के सीरप की कमी पाई गई। इस पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने को कहा। अंत में टीम ने आयुष्मान वार्ड का निरीक्षण कर वहां भर्ती मरीजों के उपचार और वार्ड की स्वच्छता को देखा। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान केके भार्गव सहित अस्पताल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
Follow Samachar24