Loading...

बी़डीओ ने कोटेदारों को पढ़ाया व्यवहार का पाठ, समूह गठन के दिए निर्देश

Gargachary Times 13 January 2026, 20:38 139 views
Jalaun
बी़डीओ ने कोटेदारों को पढ़ाया व्यवहार का पाठ, समूह गठन के दिए निर्देश
कोंच, जालौन। नदीगांव रोड स्थित खंड विकास कार्यालय के सभागार में मंगलवार को विकास खंड अधिकारी प्रशांत कुमार यादव ने ग्रामीण क्षेत्र के कोटेदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में कोटेदारों को शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और राशन कार्ड धारकों के प्रति व्यवहार में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए गए। खंड विकास अधिकारी ने दीनदयाल अंत्योदय योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि कोटेदार ग्रामीण स्तर पर सरकार की योजनाओं को पहुंचाने की अहम कड़ी हैं। बैठक के दौरान बीडीओ ने विशेष रूप से जोर दिया कि कोटेदार राशन कार्ड धारकों के साथ शालीन व्यवहार करें और उचित मूल्य पर पारदर्शिता के साथ राशन का वितरण सुनिश्चित करें। अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों में कोटेदारों और कार्ड धारकों के बीच व्यवहार को लेकर होने वाले विवादों को देखते हुए बीडीओ ने उन्हें व्यावहारिक पाठ पढ़ाया। उन्होंने निर्देशित किया कि फैमिली आईडी में सदस्यों को जोड़ने के कार्य में तेजी लाई जाए और प्रत्येक ग्राम पंचायत में कार्ड धारकों को एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। बैठक में कोटेदारों को शासन की मंशा से अवगत कराते हुए बताया गया कि जनहित में चलाई जा रही योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एडीओ आईएसबी देवेंद्र निरंजन और बीबीएम प्रवीण जैन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के कोटेदार मौजूद रहे।
Follow Samachar24