देवगांव गौशाला की दुर्दशा देख भड़कीं एसडीएम, बीडीओ को कार्रवाई के निर्देश
Gargachary Times
13 January 2026, 20:38
209 views
Jalaun
कोंच, जालौन। तहसील क्षेत्र के ग्राम देवगांव स्थित गौशाला में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। शीतकालीन भ्रमण के दौरान जब उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह ने गौशाला का औचक निरीक्षण किया, तो वहां के हालात देखकर वह दंग रह गईं। पूरी गौशाला गंदगी से पटी हुई थी और गौवंशों के लिए बुनियादी सुविधाएं भी नदारद मिलीं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि गौवंशों के पीने के पानी वाली नाद में बेहद गंदा पानी भरा हुआ था। इसके साथ ही मौके पर मौजूद 75 गौवंशों के लिए खाने हेतु हरा चारा, चुनी या चोकर का दूर-दूर तक अता-पता नहीं था। गौशाला की इस बदहाली और अधिकारियों की लापरवाही पर एसडीएम ज्योति सिंह ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि निरीक्षण और निर्देशों के बाद भी स्थिति का न सुधरना गंभीर विषय है।
एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खंड विकास अधिकारी को पत्र लिखकर गौशाला की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंशों के संरक्षण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार न होने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी