नदीगांव सीएचसी में कायाकल्प टीम ने किया निरीक्षण
Gargachary Times
14 January 2026, 21:07
173 views
Jalaun
जालौन के नदीगांव में बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नदीगांव का कायाकल्प टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
कायाकल्प टीम में डॉ. दिलीप कुमार, डॉ. सुभाष, सीएचसी प्रभारी डॉ. विनोद कुमार, डॉ. मोहिनी गुप्ता, विनय बाजपेई और दिलीप कुमार शामिल थे।
निरीक्षण की शुरुआत आईसीटीसी कक्ष से हुई, जहाँ की व्यवस्थाओं और रिकॉर्ड की जाँच की गई। इसके बाद नेत्र चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण कर मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली गई।
टीम ने पैथोलॉजी लैब का भी निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इनमें लैब के बाहर स्पष्ट रूप से लेवल दर्शाना, मरीज का पर्चा बाहर चढ़ाकर भीतर जाँच करना और रजिस्ट्रेशन तथा रिपोर्ट वितरण के लिए अलग विंडो व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल था। जाँच प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इंजेक्शन कक्ष का निरीक्षण करते हुए टीम ने वहाँ दी जा रही सेवाओं, इंजेक्शन की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता की जाँच की गई, जिस पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
अंत में, आयुष्मान वार्ड का निरीक्षण किया गया। टीम ने चिकित्सकों से बातचीत कर मरीजों की स्थिति, उपचार व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और समग्र व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए।
इस दौरान रामसिंह, नरेंद्र, स्टाफ राघव और राहुल राज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।