Loading...

कुदरा में गौकशी से उबाल: विहिप और बजरंग दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, NSA की मांग

Gargachary Times 14 January 2026, 21:07 153 views
Jalaun
कुदरा में गौकशी से उबाल: विहिप और बजरंग दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, NSA की मांग
कोंच (जालौन): तहसील क्षेत्र के ग्राम कुदरा में हुई गौकशी की जघन्य घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बुधवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह को एक ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने बताया कि बीती 11 जनवरी को ग्राम कुदरा में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई थी जहाँ एक आठ माह की गर्भवती गाय को बेरहमी से काटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस जघन्य अपराध से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं बल्कि पूरे क्षेत्र के व्यापारी वर्ग और हिंदू समाज में गहरा रोष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जहां प्रदेश सरकार गौ-संरक्षण के लिए सतत प्रयास कर रही है वहीं ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाओं को निश्चित ही एक संगठित गिरोह अंजाम दे रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों के पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जाए और आरोपियों के विरुद्ध रासुका (NSA) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष अवधेश पटेल, नगर उपाध्यक्ष निर्मल गोस्वामी, संतोष तिवारी, अध्यक्ष प्रभात उदैनिया, उपाध्यक्ष सत्येंद्र गुर्जर, कृष्ण प्रताप, सुमित अग्रवाल, नगर मंत्री और जिला गौरक्षा प्रमुख गौरव सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Follow Samachar24