कुदरा बुजुर्ग गौकशी कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, पैर में लगी गोली
Gargachary Times
14 January 2026, 21:09
136 views
Jalaun
कोंच (जालौन): जनपद के कुदरा बुजुर्ग में हुई सनसनीखेज गौकशी की घटना के बाद जालौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को एसओजी, सर्विलांस टीम और कोंच कोतवाली पुलिस की संयुक्त घेराबंदी में हुई जवाबी फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि अंतर्जनपदीय गौकशी गिरोह के सदस्य कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खोवा–रवा संपर्क मार्ग पर किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जब संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में कल्ला उर्फ जावेद और असगर उर्फ अग्गस गोली लगने से घायल हो गए। पकड़े गए दोनों अभियुक्त कोंच के मोहल्ला आराजी लाइन के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध असलहे, भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा उनके पास से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले चाकू और चापड़ भी बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार किए गए कल्ला और असगर शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी गौकशी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस अब इनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।