कोंच सीएचसी में एसीएमओ और एसडीएम का छापा, स्वास्थ्य सेवाओं की खुली पोल
Gargachary Times
14 January 2026, 21:09
138 views
Jalaun
कोंच (जालौन): नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की चरमराती व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए बुधवार दोपहर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। दोपहर करीब 3:00 बजे अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (ACMO) डॉ. अरविंद कुमार भूषण और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योति सिंह ने संयुक्त रूप से अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस हाई-प्रोफाइल निरीक्षण से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
ओपीडी में मरीजों से जाना हाल, सफाई पर जताई नाराजगी
अधिकारियों ने सबसे पहले ओपीडी का रुख किया, जहाँ दर्ज रजिस्टर के अनुसार 151 मरीजों का परीक्षण किया जा चुका था। एसडीएम और एसीएमओ ने वहां मौजूद मरीजों से सीधे संवाद कर पूछा कि उन्हें बाहर की दवाएं तो नहीं लिखी जा रही हैं और डॉक्टर समय पर मिल रहे हैं या नहीं। इसके बाद टीम ने लेबर रूम, महिला व पुरुष वार्ड, पैथोलॉजी लैब और दवा वितरण केंद्र का बारीकी से मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मिली खामियों और साफ-सफाई में लापरवाही को देख अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
रिकॉर्ड और सेवाओं में सुधार के सख्त निर्देश
एसीएमओ डॉ. भूषण ने वार्डों में रिकॉर्ड संधारण (Maintenance) और दवाओं की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मरीजों को मिलने वाली चिकित्सकीय सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही पाई गई, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लेबर रूम और पैथोलॉजी में मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में चिकित्सकों की ली क्लास
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल शाक्य और स्टाफ के साथ बैठक की। एसडीएम ज्योति सिंह ने निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और आपातकालीन सेवाओं के लिए डॉक्टर हर समय मुस्तैद रहें। इस दौरान डॉ. गौर करन, डॉ. राजीव शर्मा, डॉ. सविता पटेल, डॉ. भार्गव सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों के इस औचक दौरे के बाद अब क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद जगी है।