जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
Gargachary Times
14 January 2026, 21:10
150 views
Agra
जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कैम्प कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में बताया गया कि ई-इनफोर्समेंट के अंतर्गत रोड सेफ्टी पॉलिसी के विभिन्न बिंदुओं पर परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा पृथक-पृथक समीक्षा की जाती है जिसमें परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा हेलमेट, सीटबेल्ट, मोबाइल फोन, ईयर फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे की हालत में वाहन चलाना ओवर स्पीडिंग, स्टंटिंग के विरूद्ध की गयी प्रवर्तन कार्यवाही की जाती है, समीक्षा में पाया गया कि अप्रैल 2025 से दिसम्बर 2025 तक परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट 25568, बिना शीटबेल्ट 6319, वाहन चलाते समय मोबाईल फोन के प्रयोग में 3727, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 3595, ड्रंकन ड्राइविंग में 545, ओवरस्पीडिंग में 3962, स्टंटिंग/खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर 406 प्रवर्तन की कार्यवाही की गई। वहीं अप्रैल 2025 से दिसम्बर 2025 तक पुलिस विभाग द्वारा कृत कार्यवाही में बताया गया कि बिना हेलमेट 754150, बिना शीटबेल्ट 112920, वाहन चलाते समय मोबाईल फोन के प्रयोग में 3619, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 6937, ड्रंकन ड्राइविंग में 266, ओवरस्पीडिंग में 136, स्टंटिंग/खतरनाक ढंग से वाहन चलाने पर 45 प्रवर्तन की कार्यवाही की गई।
बैठक में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न अपराधों में किये गये लाइसेंस निलम्बन कार्यवाही की समीक्षा की गई, जिसमें परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि ओवर स्पीडिंग में 08, ड्रंकन ड्राइविंग में 18, मोबाईल फोन के प्रयोग में 10, माल वाहनों में यात्री बिठाये जाने पर 02 तथा ओवर लोडिंग में 98 लाइसेंस निरस्त किये गये हैं, कुल 136 लाइसेंस निलम्बन की कार्यवाही की गई है एवं ड्रंकन ड्राइविंग के अन्तर्गत 10, मोबाईल फोन के प्रयोग में 15, ओवर लोडिंग में 346 कुल 371 लाइसेंस निलम्बन करने हेतु संस्तुति की गई है।
बैठक में जनपद में स्थित ब्लैक स्पॉट्स की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि माननीय उच्चतम न्यमालय द्वारा गठित कमेटी ऑन रोड सेफ्टी द्वारा ब्लैक स्पॉट को चिन्हीकरण हेतु निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग या राजमार्ग अथवा एमटीआर पर स्थित 500 मीटर दूरी का यह स्थान हो जहाँ विगत तीन वर्षों में कुल 05 मार्ग दुर्घटनाएं घटित हुई हों, जिसके अन्तर्गत बताया गया कि वर्ष 2025 में कुल 44 ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित हैं, जिनमें से 41 पर रोड सेफ्टी ऑडिट का कार्य पूर्ण हो गया है। जिलाधिकारी महोदय ने सभी ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर सुधार करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जनवरी 2024 से दिसम्बर 2024 तक 1223, दुर्घटनायें व 586 मृतकों की संख्या रही, जबकि जनवरी 2025 से दिसम्बर 2025 तक 1456 दुर्घटनायें व मृतकों की संख्या 748 रही है, जिलाधिकारी महोदय ने सड़क सुरक्षा हेतु जनजागरूकता व रोड सेफ्टी क्लब गठित करने के निर्देश दिए, जिसमें बताया गया कि उच्च शिक्षा विभाग के अन्तर्गत जनपद में 29 रोड सेफ्टी क्लब संचालित हैं तथा जिला विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठकें, स्कूल कॉलेजों में सड़क सुरक्षा शपथ, प्रतिज्ञा व अन्य गतिविधियां, ऑनलाइन व ऑफलाइन चालक प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन तथा विभिन्न कार्यक्रमों द्वारा यातायात नियमों, ओवर स्पीडिंग, इत्यादि के बारे में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाये गये हैं, जिलाधिकारी महोदय ने सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को कम करने में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा मित्र बनाये जाने के निर्देश दिए।