मिशन शक्ति टीम डकोर की सराहनीय पहल, भटकती विक्षिप्त महिला को परिजनों से मिलाया
Gargachary Times
17 January 2026, 19:18
143 views
Jalaun
जनपद जालौन के थाना डकोर क्षेत्र में मिशन शक्ति टीम ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक बड़ी सराहनीय कार्रवाई को अंजाम दिया। दिनांक 16 जनवरी 2026 को मिशन शक्ति टीम भ्रमण के दौरान ग्राम डकोर में एक विक्षिप्त महिला को आवारा अवस्था में घूमते हुए पाया। महिला से पूछताछ करने पर वह केवल अपना नाम श्रीमती शुशीला और जिला भिण्ड ही बता पा रही थी।
मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला को सकुशल एवं ससम्मान थाना डकोर लाया गया, जहां महिला हेल्प डेस्क पर बैठाकर उसकी देखरेख की गई। प्रभारी निरीक्षक थाना डकोर विजय कुमार पाण्डेय एवं मिशन शक्ति टीम प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक विश्राम सिंह द्वारा जनपद भिण्ड (मध्य प्रदेश) के कंट्रोल रूम व विभिन्न थानों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर महिला के परिजनों की जानकारी जुटाई गई।
जांच में पता चला कि महिला का नाम श्रीमती शुशीला पत्नी पान सिंह, निवासी कस्बा व थाना मेहगांव, जनपद भिण्ड (म.प्र.), उम्र लगभग 30 वर्ष है। महिला के पिता रुकम सिंह बघेल निवासी ग्राम विजयगण थाना पावई जनपद भिण्ड से मोबाइल नंबर 8810305832 पर संपर्क किया गया। पिता द्वारा बताया गया कि उनकी पुत्री दिनांक 11.11.2025 को अपनी ससुराल से बिना बताए चली गई थी तथा उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। इस संबंध में थाना मेहगांव में गुमशुदगी संख्या 43/25 दिनांक 15.11.2025 को दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला था। बताया गया कि जिस थाने में गुमशुदगी दर्ज थी, वहां से कोई ठोस मदद नहीं मिल पाई थी।
सूचना मिलने पर महिला के पिता, चचेरे भाई एवं अन्य परिजन थाना डकोर पहुंचे, जहां मिशन शक्ति टीम प्रभारी वरिष्ठ उप निरीक्षक विश्राम सिंह, महिला हेड कांस्टेबल 257 अनुपम एवं महिला कांस्टेबल 201 रीतेश द्वारा महिला को सकुशल एवं ससम्मान परिजनों के सुपुर्द किया गया।
अपनी खोई हुई पुत्री को पाकर परिजनों की आंखें भर आईं और उन्होंने थाना डकोर पुलिस, मिशन शक्ति टीम तथा उत्तर प्रदेश पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मिशन शक्ति टीम की इस कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस की मानवीय भूमिका को उजागर किया है।