तहसील कौंच के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन, विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Gargachary Times
18 January 2026, 20:55
47 views
Jalaun
जालौन जे कोंच में दिन रविवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार 18 जनवरी 2026 को तहसील कौंच के समस्त मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना और नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) ज्योति सिंह स्वयं उपस्थित रहीं। उनके साथ समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) भी विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचे और मतदाता सूची वाचन कार्यक्रम की निगरानी एवं समीक्षा की। अधिकारियों ने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु), फॉर्म-7 (नाम हटाने हेतु) एवं फॉर्म-8 (संशोधन हेतु) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए गए थे। इससे नागरिकों को मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की, जिन्होंने मतदाता सूची का वाचन सुना और आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत किए।
निर्वाचन विभाग की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि वे मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम, आयु एवं पते की जानकारी अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो समय रहते उसका सुधार कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराई जा सके। यह विशेष जागरूकता कार्यक्रम लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।