लगातार बरसात ने बढ़ाई चिंता, जिला प्रशासन अलर्ट
Gargachary Times
4 August 2025, 21:11
8 views
Mathura
लगातार हो रही बरसात ने चिंता बढा दी है। वहीं जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब सीधे जिला प्रशासन के साथ निगरानी कर रहे हैं। गिरासू मकान और स्कूलों से सभी को शिफ्ट कर दिया जाए। जनहानि में प्रभावितों को मुआवजा तत्काल मिले। सोमवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार जनपद में पूर्व वर्षों के मुकाबले अनुमान से अधिक बरसात हो रही है। इसका प्रभाव ग्रामीण अंचल में अधिक देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने इस स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। जनपद में जल निकासी के प्रयास तेजी से किये जा रहे हैं। यमुना में बाढ़ की स्थिति फिलहाल नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं जन हानि मकान या पशु हानि हो रही है तो तत्काल मुआवजा दिया जा रहा है। गोवर्धन में एक बच्चे की मौत हुई है। परिवार को चार लाख रुपये का तत्काल मुआवजा दिया गया। देवीय आपदा से जुड़ी किसी भी प्रकार की घटना की जानकारी उन्हें दी जा सकती है। जिलाधिकारी ने बताया कि जर्जर स्कूल भवन की रिपोर्ट ली जा रही है। ऐसे जर्जर स्कूलों की मरम्मत के निर्देश दिए है। आवश्यकता पर बच्चों को पंचायत भवन आदि अन्य स्थान पर शिफ्ट करने है भी कहा गया है। महानगर में जर्जर मकानों को लेकर भी डीएम ने लोगों से उनकी मरम्मत कराने की अपील की है।
पुलिस की बगैर अनुमति के नहीं उड़ेंगे ड्रोन
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि ड्रोन को लेकर सख्ती बरती जा रही है। नो फ़्लाई जोन में ड्रोन पूरी तरह से प्रतिबंधित है। बाकी क्षेत्रों में पुलिस की अनुमति लेनी होगी। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन से दहशत का माहौल उत्पन्न किया गया है। अफवाह फैलाने पर कड़ी कार्यवाही होगी। यदि इस प्रकार का कोई मामला किसी के संज्ञान में आता है तो पेनिक न हो तत्काल संबंधित थानाध्यक्ष अथवा शीर्ष अधिकारियों को वीडियो बनाकर अथवा फोन समय से सूचना दें। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि 50 से कम छात्र संख्या पर एक किमी की दूरी पर प्राथमिक विद्यालयों को शिफ्ट किया जा रहा है। जनपद में ऐसे स्कूलों का चिन्हांकन हो रहा तो, जो एक किलोमीटर में 50 से कम छात्र संख्या वाले हैँ।