191 रक्तवीरों ने थामे 191 जिंदगियों के हाथ, गोवर्धन में इंसानियत ने रचा नया कीर्तिमान
Gargachary Times
19 January 2026, 21:04
98 views
Mathura
गोवर्धन : गोवर्धन में रविवार को इंसानियत ने अपनी सबसे मजबूत आवाज बुलंद की। जब अस्पतालों में खून की कमी से जूझती जिंदगियों को सहारे की जरूरत थी, तब 191 रक्तवीर आगे आए और अपनी रक्त की बूंद-बूंद से जीवन का उजाला भर दिया। स्व. दान बिहारी मुखिया की स्मृति में आयोजित 105वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर ने यह साबित कर दिया कि संगठित सेवा, संवेदनशील सोच और निस्वार्थ भाव से समाज खुद मौत को भी पीछे धकेल सकता है।
रक्तदाता फाउंडेशन के तत्वावधान में श्री गिरि गोवर्धन सेवा समिति द्वारा ब्रजवासी चैरिटेबल ब्लड सेंटर के अंतर्गत यह 105वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सुबह से ही रक्तदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं और पूरे आयोजन में सेवा, अनुशासन और समर्पण का वातावरण बना रहा।
स्व. दान बिहारी मुखिया ने अपने जीवनकाल में 46 बार रक्तदान शिविर आयोजित कर समाज को रक्तदान के लिए प्रेरित किया था। उनके निधन के बाद उनके पुत्र एवं मानसिक दिव्यांगों की सेवा में कार्यरत ‘अपना घर’ संस्था के सचिव केशव मुखिया ने इस सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। वे प्रतिवर्ष अपने पिता की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ महंत अशोक नारायण दास एवं दंडवती परिक्रमा करने वाले ज्ञानदास बाबा ने गिरिराज महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर स्व. दान बिहारी मुखिया की पत्नी उर्मिला मुखिया ने स्वयं रक्तदान कर रक्तवीरों का उत्साह बढ़ाया और समाज से इस पुनीत कार्य से जुड़ने की अपील की।
केशव मुखिया ने बताया कि वर्ष 2001 में गिरि गोवर्धन सेवा समिति की स्थापना कर युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ा गया। मानसिक दिव्यांगों की सेवा में समर्पित ‘अपना घर’ संस्था के लिए समय-समय पर रक्त की व्यवस्था करना समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है। जैसे ही रक्त की आवश्यकता होती है, समिति से जुड़े रक्तवीर बिना देर किए आगे आ जाते हैं। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को स्मृति चिन्ह, दुपट्टा एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर के दौरान चिकित्सा मानकों, साफ-सफाई, अनुशासन और व्यवस्थाओं की भी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
----------
इनका रहा सहयोग :
डा. गिरधारी राणा, केशव मुखिया, यतेंद्र फौजदार, शुभम अग्रवाल, वरुण खंडेलवाल, आकाश खंडेलवाल, गौरव शर्मा, देवेंद्र पाठक, प्रधान जुगल पटेल, सियाराम शर्मा, कपिल बोहरे, गिरिराज ठाकुर, विनय उपाध्याय, विष्णु रावत, ठाकुर फतेह सिंह, कान्हा बंसल, देवेश सोनी, संजू लालाजी, हेमंत खंडेलवाल, राहुल लवानिया, आयुष, मुकुंद, मोहित, लखन, मोनू पंडित सहित अन्य युवाओं का विशेष योगदान रहा।