पेट्रोल पंप पर अराजकता, आधी रात को काटा मशीन का नोजल, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Gargachary Times
19 January 2026, 21:31
201 views
Jalaun
कोंच (जालौन): कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आराजीलाइन इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर बीती रात अज्ञात तत्वों द्वारा तोड़फोड़ करने का मामला प्रकाश में आया है। पंप मालिक ने कुछ लोगों पर जानबूझकर मशीन की पाइपलाइन का नोजल काटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आराजीलाइन स्थित 'ओम सांई राम सेल्स' इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के मालिक नरेंद्र अग्रवाल द्वारा परिसर में एनओसी के तहत निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग इस निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं और लगातार बाधा डाल रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि सोमवार तड़के करीब 3 बजे इन्हीं लोगों के किसी सहयोगी ने पंप परिसर में घुसकर तेल वितरण मशीन की पाइपलाइन से नोजल काट दिया। इस घटना से पंप मालिक को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
सोमवार दोपहर करीब 3 बजे कोतवाली पहुंचे पीड़ित नरेंद्र अग्रवाल ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि यह पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्धों की गतिविधि साफ नजर आ रही है। पेट्रोल पंप मालिक ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और निर्माण कार्य में सुरक्षा की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोंच कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने संबंधित चौकी इंचार्ज को जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज का गहनता से अवलोकन किया जा रहा है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।