इश्क की तकरार में पुल से कूदी युवती, काउंसलिंग सेंटर में सुलह के बजाय नाले में लगाई छलांग, प्रेमी के सामने हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा
Gargachary Times
19 January 2026, 21:33
170 views
Jalaun
उरई (जालौन): मोहब्बत में तकरार जब हद से बढ़ी तो एक युवती ने मौत को गले लगाने के लिए पुल से ही छलांग लगा दी। उरई के मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पास स्थित बेसन वाले पुल पर सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब हमीरपुर की रहने वाली स्नेहा ने अपने बॉयफ्रेंड सुभाशीष उर्फ साहिल के साथ तीखी बहस के बाद आव देखा न ताव और सीधे गहरे नाले में कूद गई। यह खौफनाक मंजर देख वहां मौजूद लोगों की रूह कांप गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और वे जिला परामर्श केंद्र में सुलह के लिए आए थे। काउंसलिंग के बाद जब दोनों बाहर निकले और बातचीत करते हुए मंदिर के पास पहुंचे, तभी मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर चिंगारी भड़की और युवती ने सुसाइड का प्रयास कर डाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने फुर्ती दिखाई और नाले में गिरी युवती को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुँचाया। ऊंचाई से गिरने की वजह से युवती का पैर बुरी तरह टूट गया है, हालांकि गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। मेडिकल कॉलेज में स्नेहा का इलाज जारी है जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी हरिशंकर ने बताया कि प्रेमी जोड़े के बीच आपसी अनबन का मामला पहले से ही काउंसलिंग सेंटर में चल रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।