बरसाना में होली पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने की समीक्षा बैठक
Gargachary Times
20 January 2026, 20:54
187 views
Mathura
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र एवं मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बरसाना स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस सभागार में आगामी होली पर्व की व्यवस्थाओं को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य ब्रज क्षेत्र में होली के अवसर पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में अधिकारियों द्वारा होली पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं तथा पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने कहा कि बरसाना की लठमार होली देश-विदेश में प्रसिद्ध है, ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने अधिकारियों से कहा कि भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से किए जाएं।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी-अपनी तैयारियों की जानकारी दी। अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं, ताकि होली पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।