Loading...

थाना दक्षिण के नए भवन का भव्य शुभारंभ एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ व डीआईजी शैलेश पांडे ने किया उद्घाटन

Gargachary Times 20 January 2026, 20:56 175 views
Firozabad
थाना दक्षिण के नए भवन का भव्य शुभारंभ एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ व डीआईजी शैलेश पांडे ने किया उद्घाटन
फिरोजाबाद में मंगलवार को थाना दक्षिण के नवनिर्मित भवन का भव्य शुभारंभ किया गया। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, डीआईजी शैलेश पांडे एवं एसपी सौरव दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही थाना दक्षिण का समस्त कामकाज अब नए और आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन में संचालित किया जाएगा। नए थाना भवन में मिशन शक्ति कार्यालय, शस्त्रागार, अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए सुव्यवस्थित कार्यालय कक्ष, आगंतुक कक्ष सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भवन को आधुनिक पुलिसिंग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जिससे आम जनता को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिल सकें। उद्घाटन के अवसर पर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि नए भवन के संचालन से पुलिस कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी होगी। उन्होंने मिशन शक्ति कार्यालय की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि इससे महिलाओं की सुरक्षा, शिकायत निस्तारण और सहायता व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। डीआईजी शैलेश पांडे ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस थाना भवन से न केवल पुलिसकर्मियों के कार्य वातावरण में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा। एसपी सौरव दीक्षित ने बताया कि नए भवन में सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप की गई हैं और जनता की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नए थाना भवन के शुरू होने से दक्षिण थाना क्षेत्र के नागरिकों ने राहत और बेहतर पुलिस सेवाओं की उम्मीद जताई है।
Follow Samachar24