मारपीट के बाद पशु व्यापारी को मारी गोली
Gargachary Times
4 August 2025, 21:21
83 views
Firozabad
सिरसागंज थाना क्षेत्र के करहल चौराहे पर सोमवार शाम करीब 5 बजे एक पशु व्यापारी को गोली मारने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सिरसा खास निवासी दिलीप कुमार पशु पैंठ से भैंसें बेचकर लौट रहे थे तभी उन पर हमला हुआ।
घायल दिलीप कुमार ने बताया कि ग्राम सेवापुर के एक युवक ने उन्हें गोली मारी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सिरसागंज सीएचसी ले जाया गया।
सीएचसी के इंचार्ज कपिल यादव ने बताया कि शाम 5:15 बजे पुलिस टीम दिलीप कुमार को लेकर आई थी। उन्हें गोली लगने के निशान थे। प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार यह घटना दो पक्षों के बीच दो दिन पूर्व हुई मारपीट से जुड़ी हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दिलीप कुमार ओम प्रकाश यादव के पुत्र हैं और वर्तमान में उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। एसपी ग्रामीण त्रिगुण विशेन का कहना है कि तीन लोगों से पीड़ित युवक की कहासुनी हुई थी। तभी उनमें से किसी एक ने पशु व्यापारी को गोली मार दी। हालांकि उनकी हालत ठीक है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।