Loading...

नियमित अखबार पढ़कर छात्र बढ़ा रहे अपना शब्दकोश

Gargachary Times 22 January 2026, 21:33 72 views
Mathura
नियमित अखबार पढ़कर छात्र बढ़ा रहे अपना शब्दकोश
बलदेव : छात्रों में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करने, उनके शब्द भंडार को बढ़ाने और मोबाइल स्क्रीन पर समय बिताने की प्रवृत्ति को कम करने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर के छात्रों को प्रार्थना सत्र में दैनिक शैक्षणिक गतिविधियों के साथ अखबार पढ़ने का कराया जा रहा है नियमित अभ्यास। इस संबंध में बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा 23 दिसंबर को एक प्रशासनिक आदेश जारी किया गया था, जिसमें प्रत्येक विद्यालय के पुस्तकालय में प्रतिष्ठित हिंदी और अंग्रेजी अखबार रखने और नियमित रूप से छात्रों से वाचन कराने को कहा गया था। इस संबंध में प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर के प्रधानाध्यापक डॉ जगदीश पाठक ने बताया कि विद्यालय में छात्रों के बीच पढ़ने की संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से प्रार्थना सभा में नियमित रूप से अखबार पढ़ने और मुख्य खबरों पर चर्चा करने की शुरूआत की गई है। इस पहल के माध्यम से छात्रों में मोबाइल स्क्रीन के बजाय अखबार के माध्यम से पढ़ने की आदत डालकर उनकी एकाग्रता को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अखबार वाचन से छात्रों को कठिन शब्दों का अभ्यास करने, शब्दावली बढ़ाने, देश-दुनिया, खेल, विज्ञान, संस्कृति और शिक्षा से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने में मदद मिल रही है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रारंभ की गई स्कूलों में अखबार पढ़ने की यह पहल शिक्षा को जीवन से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास साबित हो रही है, यह बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उन्हें जागरूक, विवेकशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ाएगी। इस कार्य में विद्यालय परिवार की शिक्षिका बिंदु शर्मा, ममता रानी, गीता सक्सेना का पूर्ण सहयोग छात्रों को मिल रहा है।
Follow Samachar24