Loading...

वृन्दावन में बसंत पंचमी के साथ शुरू हुआ चालीस दिवसीय होली उत्सव

Gargachary Times 23 January 2026, 18:17 109 views
Dharam
वृन्दावन में बसंत पंचमी के साथ शुरू हुआ चालीस दिवसीय होली उत्सव
वृज क्षेत्र में होली का उत्सव देश-दुनिया से बिल्कुल अलग और अनोखा माना जाता है। जहाँ आम तौर पर होली एक या दो दिन तक मनाई जाती है, वहीं बृज में यह पर्व पूरे चालीस दिनों तक चलता है। इस रंगोत्सव की शुरुआत बसंत पंचमी के पावन अवसर से होती है। बसंत पंचमी के दिन श्रीधाम वृन्दावन स्थित प्रसिद्ध बाँके बिहारी मंदिर सहित बृज के सभी मंदिरों में गुलाल उड़ाने की परंपरा के साथ होली उत्सव का शुभारंभ हो गया। मंदिर परिसर में जैसे ही ठाकुर श्री बाँके बिहारी लाल के दर्शन हुए, वैसे ही गुलाल उड़ाया गया और पूरा वातावरण रंग, भक्ति और उल्लास से सराबोर हो गया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुलाल उत्सव का आनंद लिया। “राधे-राधे” और “श्रीकृष्ण” के जयकारों के बीच भक्त रंगों में सराबोर होकर झूमते नजर आए। मंदिर में भक्ति संगीत और होली पदों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। वृज की होली अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विशेषताओं के कारण देश-विदेश में प्रसिद्ध है। बसंत पंचमी से शुरू होकर रंग पंचमी तक चलने वाले इस चालीस दिवसीय उत्सव में लठमार होली, फूलों की होली, गुलाल होली जैसी कई अनोखी परंपराएँ निभाई जाती हैं।
Follow Samachar24