गोवर्धन के हनुमान बाग पहुंचे सपा नेता रामगोपाल यादव, संत सियाराम बाबा से लिया आशीर्वाद, भाजपा पर साधा निशाना
Gargachary Times
30 January 2026, 20:47
103 views
Mathura
गोवर्धन -समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव सोमवार को मथुरा जनपद के गोवर्धन क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध हनुमान बाग पहुंचे। यहां उन्होंने संत सियाराम बाबा से मुलाकात कर विधिवत आशीर्वाद लिया और प्रसादी ग्रहण की। रामगोपाल यादव के आगमन पर संत समाज और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। हनुमान बाग परिसर में कुछ समय रुकने के बाद सपा नेता ने संत सियाराम बाबा से आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा भी की। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद रामगोपाल यादव ने मीडिया से बातचीत की और केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
मीडिया से बातचीत में सपा नेता ने भारतीय जनता पार्टी पर सनातन परंपराओं के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल वोट बैंक के लिए कर रही है, जबकि उसके काम सनातन संस्कृति के मूल सिद्धांतों के विपरीत हैं। भाजपा खुद को सनातन की हितैषी बताती है, लेकिन उसकी नीतियां और फैसले सनातन परंपराओं के खिलाफ हैं। धर्म के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी सामाजिक सद्भाव, समानता और सच्चे सनातन मूल्यों में विश्वास करती है। आने वाले समय में जनता भाजपा की सच्चाई का जवाब देगी।