Loading...

रोटरी क्लब फिरोजाबाद की स्वर्ण जयंती पर ‘रोटरी रसोई’ का शुभारंभ मात्र 20 रुपये में मिलेगा भरपेट, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन

Gargachary Times 30 January 2026, 21:18 86 views
Firozabad
रोटरी क्लब फिरोजाबाद की स्वर्ण जयंती पर ‘रोटरी रसोई’ का शुभारंभ मात्र 20 रुपये में मिलेगा भरपेट, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन
फिरोजाबाद। रोटरी क्लब फिरोजाबाद ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्ण जयंती वर्ष में एक सराहनीय जनकल्याणकारी पहल की शुरुआत की है। क्लब द्वारा 01 फरवरी से ‘रोटरी रसोई’ का शुभारंभ किया जा रहा है, जिसमें आमजन को मात्र 20 रुपये में पौष्टिक भोजन की थाली बैठकर खाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रोटरी क्लब फिरोजाबाद की स्थापना 7 अगस्त 1975 को हुई थी, जिसके 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह वृहद स्तर पर आयोजित किया गया। इसी कड़ी में सेवा कार्यों को और विस्तार देते हुए ‘रोटरी रसोई’ की शुरुआत की जा रही है। रोटरी रसोई का संचालन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों, श्रमिक वर्ग, मरीजों के तीमारदारों तथा आम नागरिकों को सस्ता, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। क्लब पदाधिकारियों का कहना है कि यह रसोई समाज के कमजोर वर्ग के लिए बड़ी राहत साबित होगी। रोटरी क्लब फिरोजाबाद पिछले कई दशकों से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहा है। क्लब द्वारा जनवरी 1993 में सेठ छदामीलाल जैन रोटरी नेत्र चिकित्सालय की स्थापना की गई, जो आज भी नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रहा है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2009 से एक्स-रे सेंटर का संचालन तथा विगत पांच वर्षों से रोटरी फिजियोथेरेपी सेंटर का सफल संचालन किया जा रहा है। स्वर्ण जयंती वर्ष में शुरू की जा रही ‘रोटरी रसोई’ क्लब की एक महत्वपूर्ण और मानवीय पहल मानी जा रही है, जिससे समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। रोटरी क्लब फिरोजाबाद ने मीडिया बंधुओं से इस सेवा प्रकल्प की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की है। रोटेरियन लक्ष्मीकांत बंसल, राहुल जैन सिटिजन, (रोटरी रसोई संयोजक) कल्पना राजोरिया (रसोई सहसंयोजक) ललितेश जैन, अनूप जिंदल डॉ अमित गोयल नरेश चंद्र बंसल नमन जैन आदि उपस्थित लोग रहे
Follow Samachar24