Loading...

बेड़ियों में जकड़ा इंसाफ प्रधानमंत्री आवास से वंचित करने पर नगला सफेरा में बीन बजाकर फूटा गुस्सा

Gargachary Times 31 January 2026, 18:41 168 views
Mathura
बेड़ियों में जकड़ा इंसाफ  प्रधानमंत्री आवास से वंचित करने पर नगला सफेरा में बीन बजाकर फूटा गुस्सा
फरह। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकानों के निर्माण पर रोक लगाए जाने से आक्रोशित नगला सफेरा (खैरट–शाहपुर) के सफेरा समाज ने मंगलवार को इंसाफ की गुहार लगाते हुए बेड़ियां पहनकर बीन की धुन पर अनोखा प्रदर्शन किया। महिलाओं का यह दृश्य आज़ाद भारत में सामाजिक पीड़ा और प्रशासनिक उदासीनता की तस्वीर बन गया। करीब 100 वर्ष पुराने बसे नगला सफेरा में चौथी पीढ़ी से रह रहे लोगों को सरकार द्वारा 25 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें 9 आवास पास हुए और 4 लाभार्थियों को 40-40 हजार रुपये की पहली किस्त आ चुकी है। इसके बावजूद सपेरा समाज का कहना है कि कथित साजिश और झूठी शिकायतों के चलते लेखपाल द्वारा निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। पीड़ितों का आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल योगेंद्र पाल ने 25 जनवरी को मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन नींव व दीवारों को गिरवा दिया। वही महिलाओं ने बेड़ियां पहने भावुक होकर कहा— अगर हमारे मकान नहीं बने तो हम बच्चों समेत जान देने को मजबूर होंगे। सपेरा समाज का कहना है कि उन्होंने अपनी झोपड़ियां तोड़कर मकान बनाने की तैयारी कर ली थी, लेकिन निर्माण रुकने से सीमेंट, ईंट और बजरी खराब हो रही है, वहीं इस खराब मौसम में परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। सफेरा समाज के 9 परिवारों—जसवंत, सत्यप्रकाश, सुनील, जितेंद्र, बीपी, विनोद, सुभाष, धर्मवीर व राकेश—ने उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और तत्काल आवास निर्माण की मांग की है। ग्रामीण सपेरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नही मिला तो मथुरा जिला अधिकारी ऑफिस पर धरना देना मजबूरी होगी।
Follow Samachar24