रामानन्दाचार्य जयंती पर गोवर्धन में भव्य रामलीला, रावण वध और श्रीराम के राजतिलक की लीला ने मोहा मन
Gargachary Times
31 January 2026, 18:42
243 views
Mathura
गोवर्धन। गिरिराज महाराज की पावन तलहटी में स्थित पवित्र तीर्थ नगरी गोवर्धन के आन्यौर परिक्रमा मार्ग पर रामानन्द आश्रम में रामानन्दाचार्य जयंती महोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित रामलीला में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रामलीला मंचन के दौरान कुंभकर्ण वध, मेघनाथ वध एवं रावण वध की भावपूर्ण लीलाओं का सजीव मंचन किया गया। रावण वध के उपरांत भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने और उनके राजतिलक की मनोहारी लीला ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर आश्रम संचालक एवं गोवर्धन पीठाधीश्वर महंत श्री राम अनुग्रह दास महाराज ने कहा कि रामलीला केवल नाट्य मंचन नहीं, बल्कि मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा है। भगवान श्रीराम का जीवन समाज के लिए आदर्श है, जिसे अपनाकर मानव जीवन सार्थक बन सकता है।”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुदामा पीठ के महंत श्री अमर दास जी महाराज, महंत अशोक नारायण दास महाराज, महंत श्री दीनबंधु दास जी महाराज, व्यास पूर्ण कौशिक जी महाराज सहित अनेक साधु-संत उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का सत्यम चतुर्वेदी एवं ऋषभ चतुर्वेदी द्वारा पुष्पमालाएं व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
रामलीला आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और देर शाम तक चले कार्यक्रम का भक्तों ने आनंद लिया।