Loading...

12 वर्षीय मयंक की नृशंस हत्या पर पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, गिरफ्तारी न होने से भड़का आक्रोश, पुलिस से धक्का मुक्की

Gargachary Times 3 February 2026, 22:23 22 views
Firozabad
12 वर्षीय मयंक की नृशंस हत्या पर पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल, गिरफ्तारी न होने से भड़का आक्रोश, पुलिस से धक्का मुक्की
फिरोजाबाद। मक्खनपुर थाना क्षेत्र के जिजौली मोहल्ले में 12 वर्षीय मयंक राजपूत की नृशंस हत्या के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद नामजद हत्यारोपी की गिरफ्तारी न होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मक्खनपुर में शव रखकर जमकर हंगामा किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने जबरन परिजनों को पीड़ित के गांव पहुंचाया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। मंगलवार को मृतक के परिजन और रिश्तेदार सदर बाजार रोड स्थित मयंक के घर के सामने धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप था कि पुलिस सिर्फ बयानबाजी और आरोपी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने तक सीमित है, जबकि हत्यारोपी खुलेआम फरार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सूचना पर क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद अमरीश कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। घरेलू कलह और संपत्ति विवाद के चलते आरोपी पिता राजेश राजपूत ने अपने ही 12 वर्षीय बेटे मयंक पर हंसिया से 20 से 25 वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को बक्से में बंद किया और फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। मंगलवार शाम किसी तरह पुलिस बच्चे के शव को परिजनों के हाथ से लेकर पुलिस गाड़ी में रखकर अपने साथ ले गई है।
Follow Samachar24