राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अन्तर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में कु० भूरी ने पाया पहला स्थान
Gargachary Times
5 February 2026, 18:25
4 views
Firozabad
परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा-6, 7 एवं 8 के बच्चों में वैज्ञानिक अभिरूचि विकसित करने एवं जिज्ञासा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 04-02-2026 को ब्लॉक संसाधन केन्द्र, सिविल लाइन, दबरई फिरोजाबाद के परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ डॉ० लक्ष्मी नारायण यादव, मा० ब्लॉक प्रमुख विकास खण्ड फिरोजाबाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्र०प्राचार्य डायट फिरोजाबाद एवं निर्णायक समिति के सदस्यों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। के०जी०बी०वी० नगर क्षेत्र की छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विकास खण्डों एवं नगरक्षेत्र के चयनित 5-5 बच्चों ने क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया एवं स्वयं द्वारा निर्मित प्रोजेक्ट (मॉडल) को प्रदर्शित किया।
जनपद स्तरीय विकासखण्डवार क्विज प्रतियोगिता में विकासखण्ड अरॉव की टीम विजयी रही। अरॉव की विजयी टीम में सिया सिंह उ०प्रा०वि० ढकपुरा, अंशुल उ०प्रा०वि० भदेसरा, अनन्या पी०एमश्री कम्पोजिट विद्यालय करहरा, जोया उ०प्रा०वि० किसरॉव व मोहित यादव उ०प्रा०वि० बैजुआ खास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मॉडल/प्रोजेक्ट में कु० भूरी उ०प्रा०वि० भीकनपुर बझेरा विकास खण्ड टूण्डला ने "पाइपलाइन लीकेज एण्ड चॉक ड्रेन सिस्टम' का मॉडल बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कु० सपना उ०प्रा०वि० सुरैला, विकास खण्ड एका को "पोस्चर एलर्ट स्मार्ट चेयर मॉडल" के लिए मिला। तृतीय स्थान उ०प्रा०वि० सुजावलपुर विकास खण्ड शिकोहाबाद की नन्दिनी को "कूलिंग सिस्टम ऑन जैकेट" के लिए मिला। चौथे एवं पंचम स्थान पर गुंजन उ०प्रा०वि० सलेमपुर जसराना एवं मोहित उ०प्रा०वि० कपावली विकास खण्ड नारखी विजेता रहे। विज्ञान प्रदर्शनी के सभी पांचों विजेताओं को टैबलेट, प्रशस्ति पत्र, स्कूल बैग, स्टेशनरी, ज्योमेट्री बॉक्स, विज्ञान बुक आदि से सम्मानित किया गया।
निर्णायक मण्डल में राम शरण सेठ प्र०प्राचार्य डायट, मनोज कुमार वरिष्ठ कोषाधिकारी, आशीष कुमार पाण्डेय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, निशान्त गोला प्रवक्ता डायट, श्रीमती माधुरी गुप्ता प्रवक्ता, रा०बा०इं०का० टूण्डला एवं श्री योगेन्द्र कुमार स०अ०/एसआरजी रा०हा०स्कूल नारखी रहे। विज्ञान प्रदर्शनी में चयनित प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्राओं क्रमशः भूरी एवं सपना को राज्य के बाहर एक्सपोजर विजिट हेतु वायुयान के द्वारा श्री हरिकोटा भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। विज्ञान प्रदर्शनी में 6 से 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को विज्ञान किट्स प्रदान की गयीं। साथ ही प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को स्कूल बैग, प्रशस्ति पत्र, ज्योमेट्री बॉक्स, स्टेशनरी, स्पाइरल कॉपी, विज्ञान बुक्स, पेंसिल, रबर, पेन एवं साइंस किट आदि से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन शुभम वर्मा, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण), सुभाष चन्द्र एवं नरेश बाबू एस०आर०जी० द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अकादमिक रिसोर्स पर्सन (विज्ञान एवं गणित), विभिन्न विद्यालय के शिक्षकगण, डायट प्रवक्ता एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।