केंद्रीय बजट से विकसित भारत के संकल्प को मिली नई मजबूती: केशव प्रसाद मौर्य
Gargachary Times
7 February 2026, 22:02
25 views
Lucknow
लखनऊ: उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मन्त्र के साथ समाज के सभी वर्गो को बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ दे रही है। प्रदेश का चहुमुंखी व सर्वागीण विकास हो रहा है।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को फाजिलनगर स्थित पावानगर महावीर इंटर कॉलेज में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश को भ्रष्टाचार के दलदल से बाहर निकालने का कार्य वर्तमान सरकार ने किया है।उन्होंने कहा कि विपक्ष को एक गरीब परिवार से आने वाला प्रधानमंत्री स्वीकार नहीं है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिजली आती नहीं थी, जबकि आज बिजली जाती नहीं है। उन्होंने कहा कि मनरेगा पहले भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी थी, यही कारण है कि केंद्र सरकार ने व्यवस्था को पारदर्शी बनाते हुए इसे डीबीटी आधारित प्रणाली से जोड़ा। उन्होंने कहा कि आज सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रहा है।
स्वयं सहायता समूहों की चर्चा करते हुए मा० उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आज विश्व के देश भारत के साथ व्यापार समझौते के लिए उत्सुक हैं, जो 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करेगा।
पावा नगर महावीर इंटर कॉलेज, फाजिलनगर, कुशीनगर में आयोजित ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का अवलोकन कर संबोधित किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को 'पौष्टिक आहार' व डबल इंजन सरकार की विभिन्न योजनाओं की चेक व प्रशस्ति पत्र आदि वितरित किया, नन्हें बच्चों को अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।
कार्यक्रम से पूर्व पं० दीन दयाल उपाध्याय एवं डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के अंत में विधायक सुरेन्द्र कुमार कुशवाहा एवं पूर्व विधायक गंगा सिंह कुशवाहा द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
मा० उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री केशव प्रसाद मौर्य जी द्वारा आज जनपद कुशीनगर की पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान केंद्रीय बजट पर विस्तार से अपने विचार रखे गए। उन्होंने कहा कि मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के जिस लक्ष्य को देश ने संकल्प के रूप में अपनाया है, उसे साकार करने में यह केंद्रीय बजट पूर्णतः सक्षम एवं दूरदर्शी है।
मा० उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि केंद्रीय बजट समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस बजट से गरीब सशक्त बनेगा, महिलाओं का उत्थान होगा, युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे तथा देश का अन्नदाता किसान और अधिक समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट अंत्योदय की भावना को साकार करने वाला है।
उन्होंने आगे कहा कि देश का किसान, श्रमिक, युवा एवं आमजनमानस सभी का साझा लक्ष्य भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और यह कार्य मजबूत नेतृत्व, स्पष्ट नीति और निर्णायक सरकार के माध्यम से ही संभव है। मा० उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सरकार विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यक्रमो को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।
केंद्रीय बजट के आर्थिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए मा० उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बजट में निवेश को प्रोत्साहित करने की स्पष्ट एवं सकारात्मक सोच दिखाई देती है। इससे भारत में तेज गति से निवेश आएगा और देश को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह बजट एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि देश को मा० प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास है तथा लगातार नौवां बजट प्रस्तुत करने वाली केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट ऐतिहासिक है, जिसकी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है।