कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कृमि मुक्ति अभियान का आगाज, ब्लॉक प्रमुख ने बच्चों को खिलाई दवा
Gargachary Times
10 February 2026, 17:17
72 views
Agra
खंदौली (आगरा)। खंदौली ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम उजरई स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में मंगलवार को 'राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस' के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख खंदौली आशीष शर्मा ने बच्चों को दवा खिलाकर किया , इस दौरान उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए बच्चों को पेट की बीमारियों से बचाने के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी धर्मराज सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें कृमि मुक्त रखना आवश्यक है, जिससे वे एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं से सुरक्षित रह सकें। कार्यक्रम के दौरान बीपीएम कयामुद्दीन, बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) , सुपरवाइजर नागेश कुमारी , अनीता माथुर सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। उपस्थित अधिकारियों ने सभी शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि 1 से 19 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को इस अभियान के तहत दवा का सेवन सुनिश्चित करवाएं।