"शॉर्ट सर्किट ने बिगाड़ा उद्घाटन का जश्न: सिद्धि विनायक होटल जलकर खाक, बाल-बाल बचे मेहमान"
Gargachary Times
11 February 2026, 20:36
74 views
Mathura
वृंदावन। धर्मनगरी के पॉश इलाके रुक्मणि विहार स्थित 'सिद्धि विनायक' होटल में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां चल रहे उद्घाटन समारोह के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आने लगा। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एक बच्चा और एक महिला मामूली रूप से चोटिल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार सुभाष अग्रवाल के इस नवनिर्मित 24 कमरों वाले होटल में ओपनिंग सेरेमनी का कार्यक्रम चल रहा था। भवन के अंदर पूजा-पाठ का दौर जारी था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और होटल के अंदर मौजूद मजदूरों, कर्मचारियों और मेहमानों में भगदड़ मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए होटल से बाहर भागते नजर आ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह, सीओ सदर और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्वास्थ्य विभाग ने भी एहतियातन तुरंत एंबुलेंस सेवा मौके पर तैनात कर दी थी।
आग इतनी भीषण थी कि होटल के अंदर रखी निर्माण सामग्री और कीमती फर्नीचर पूरी तरह जल गया है। घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों ने इसे 'बांके बिहारी की असीम कृपा' बताया कि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम नुकसान का सटीक आकलन करने और आग के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया:
"एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया है। होटल के बाहरी हिस्से को काफी नुकसान पहुँचा है और फर्नीचर व बिजली का सामान जलकर खाक हो गया है। एक छोटा बच्चा मामूली झुलसा है और एक महिला को चोट आई है, लेकिन दोनों खतरे से बाहर हैं। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है।"