Loading...

जन्माष्टमी से पहले महानगर को चमकाने की मुहिम में जुटे नगर आयुक्त

Gargachary Times 8 August 2025, 21:07 78 views
Mathura
जन्माष्टमी से पहले महानगर को चमकाने की मुहिम में जुटे नगर आयुक्त
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 44 (राधिका विहार), वार्ड संख्या 33 (पालीखेड़ा), मंडी चौराहा तथा इससे जुड़े मुख्य मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। मंडी चौराहा फ्लाईओवर के नीचे सौंदर्यीकरण के लिए पौधारोपण, गमले लगाने तथा दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश अवर अभियंता (निर्माण) को दिए गए, ताकि जन्माष्टमी पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुखद अनुभव हो। एमआरएफ टायर एजेंसी के पास कच्ची एवं टूटी सड़क पाए जाने पर उसे शीघ्र पक्का करने के निर्देश दिए गए। हल्दीराम प्रतिष्ठान के सामने स्थित डलाव घर को “व्यू कटर” लगाकर कवर करने के निर्देश नेचर ग्रीन कंपनी को दिए गए, जिससे गंदगी का दृश्य बाधित हो और स्वच्छता व सुंदरता बनी रहे। मंडी चौराहा एवं जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में वार्ड संख्या 33 में 4 कर्मी एवं वार्ड संख्या 44 में 6 कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इनके विरुद्ध एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। साथ ही वार्ड 44 की उपस्थिति पंजिका में ओवरराइटिंग पाए जाने पर संबंधित सुपरवाइज़र को नोटिस जारी करने एवं पुनरावृत्ति पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं सफाई निरीक्षक को मंडी चौराहा एवं आसपास के सभी मार्गों पर उच्च स्तरीय सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी प्रकार की गंदगी दिखाई न दे। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर नगर निगम द्वारा साफ सफाई, सौंदर्यीकरण, सड़क मरम्मत एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरी की जाएंगी, ताकि नागरिकों एवं आगंतुक श्रद्धालुओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर वातावरण प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ गोपाल बाबू गर्ग, मुख्य सफाई निरीक्षक मुकेश शर्मा, सफाई निरीक्षक राजबहादुर, अवर अभियंता निर्माण संदीप सोनकर, नेचर की कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिलाष सांगवान उपस्थित रहे।
Follow Samachar24