Loading...

राया-तेज रफ्तार बाइक ने कांवड़ियों के जत्थे को मारी टक्कर, तीन घायल

Gargachary Times 15 February 2026, 08:48 53 views
Mathura
राया-तेज रफ्तार बाइक ने कांवड़ियों के जत्थे को मारी टक्कर, तीन घायल
मथुरा के थाना राया क्षेत्र अंतर्गत हाथरस मार्ग पर सोनई रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने पैदल चल रहे कांवड़ियों के जत्थे को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो पैदल कांवड़िये और बाइक सवार शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी कांवड़िये सोरों गंगा घाट से पवित्र जल भरकर भरतपुर (राजस्थान) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनई रेलवे स्टेशन के पास हाथरस मार्ग पर पीछे से आ रही एक बाइक अनियंत्रित होकर जत्थे में जा घुसी। बाइक सवार भी कांवड़िया बताया जा रहा है, जो हाथरस की दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि दो कांवड़िये सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि बाइक सवार भी चोटिल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य कांवड़ियों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। चौकी इंचार्ज बिचपुरी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक सवार कांवड़िये ने पैदल चल रहे कांवड़ियों को टक्कर मारी थी, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Follow Samachar24