युवक की संदिग्ध मौत पत्नी और ससुर पर जहर देने का लगाया आरोप
Gargachary Times
17 February 2026, 19:52
32 views
Mathura
गोवर्धन -गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव पाली ब्राह्मणान में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। परिजनों ने मृतक की पत्नी और ससुर पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक कुंवरपाल की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे मथुरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि वह पिछले दो वर्षों से बीमार चल रहा था, लेकिन उसकी मौत स्वाभाविक नहीं है। परिजनों के अनुसार मौत से पहले कुंवरपाल ने बताया था कि उसकी बेटी गन्ने का रस लेकर आई थी। रस पीने के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। आरोप है कि रस में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। मृतक के भाई प्यारेलाल ने पत्नी कोमल और ससुर प्रकाश सैनी पर साजिश के तहत जहर देने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले कुंवरपाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उसने पत्नी पर मारपीट और जान से मारने की आशंका जताई थी। वीडियो वायरल होने के बाद अब उसकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पत्नी पक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि कुंवरपाल लंबे समय से बीमार था और उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।