केन्द्रीय कृषि मंत्री ने जयपुर से किया किसानों के AI साथी "भारत विस्तार" 2026 का शुभारंभ
Gargachary Times
17 February 2026, 19:53
34 views
Lucknow
मंगलवार को माननीय केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार श्री शिवराज सिंह चौहान जी ने जयपुर (राजस्थान) से किसानों के समर्पित AI साथी "भारत विस्तार" 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया गया। यह नया प्लेटफार्म आधुनिक तकनीक के समन्वय से खेती-किसानी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
इस संबंध में कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि "भारत विस्तार" प्लेटफार्म देश की खेती को समृद्ध, सशक्त और सरल बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा। इसके माध्यम से अब किसानों को अपनी समस्याओं का समाधान केवल एक क्लिक पर प्राप्त हो सकेगा। किसान अब अपने फोन से 155261 डायल कर अपने खेती से जुड़े सभी सवालों के जवाब प्राप्त कर सकते हैं। AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के प्रयोग से किसानों को स्मार्ट, तेज और सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कृषि क्षेत्र अधिक आधुनिक और लाभकारी बनेगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह तकनीक किसानों को मौसम, बीज, खाद और सरकारी योजनाओं की तत्काल जानकारी उपलब्ध कराएगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। प्रदेश सरकार केन्द्र की इस पहल को धरातल पर उतारने और किसानों तक इसका लाभ पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।