जनपद न्यायालय प्रांगण में किया जाएगा लघु विधिक सेवा शिविर का आयोजन- डॉ. बब्बू सारंग (जनपद न्यायाधीश)
Gargachary Times
17 February 2026, 20:03
33 views
Firozabad
फिरोजाबाद । जनपद न्यायालय परिसर में 22 फरवरी, रविवार को आयोजित होने जा रहे आगामी वृहद/ मेगा विधिक सेवा शिविर के क्रम में मंगलवार को जनपद न्यायालय प्रांगण में एक लघु विधिक सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने फीता काटकर किया और मेगा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रचार-वाहन को हरी झंडी दिखाकर जनपद के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में रवाना किया, जिससे अधिक से अधिक जनमानस को शिविर की जानकारी प्राप्त हो सके। इस दौरान, आयोजित लघु विधिक सेवा शिविर में कृषि विभाग, दिव्यांग विभाग एवं श्रम विभाग द्वारा अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाए गए। जहां, उपस्थित अधिकारियों/ कर्मचारियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। तथा, पात्र व्यक्तियों को लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री योगेश शिवा ने किया।
जनपद न्यायाधीश डॉ. बब्बू सारंग ने कहा कि, विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय एवं शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर अधिकतम लाभार्थियों को जोड़ने का आह्वान किया। तथा, आगामी मेगा शिविर को जनभागीदारी का एक सशक्त माध्यम बनाने पर बल दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री योगेश शिवा ने बताया कि, 22 फरवरी 2026 को जनपद न्यायालय प्रांगण में आयोजित होने वाले मेगा विधिक सेवा शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं शासन की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कृष्ण मोहन सिंह, विवेक कुमार, सोनू एवं जिला कृषि विभाग से विषय वस्तु विशेषज्ञ राजेश यादव, अखिलेश चौधरी, सुग्रीव कुमार, ग्रीश यादव सहित राजेश कुमार, मलखान सिंह, पवन कुमार, कैलाश कुमार व अन्य न्यायिक अधिकारीगण, विभागीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।