Loading...

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में प्रवेश न मिलने पर छात्रो ने लगाया जाम डेढ़ दर्जन से अधिक परीक्षार्थी सड़क पर बैठे

Gargachary Times 17 February 2026, 20:21 74 views
Firozabad
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में प्रवेश न मिलने पर छात्रो ने लगाया जाम डेढ़ दर्जन से अधिक परीक्षार्थी सड़क पर बैठे
केंद्रीय विद्यालय हजरतपुर फिरोजाबाद में हंगामा सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में प्रवेश न मिलने पर छात्रों ने लगाया जाम, डेढ़ दर्जन से अधिक परीक्षार्थी सड़क पर बैठे फिरोजाबाद। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन केंद्रीय विद्यालय हजरतपुर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब निर्धारित समय के बाद पहुंचे छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। प्रवेश से वंचित डेढ़ दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं आक्रोशित होकर विद्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए और कुछ देर के लिए यातायात बाधित कर दिया। मंगलवार को हाईस्कूल का गणित का प्रश्नपत्र था। बताया गया कि परीक्षा सुबह निर्धारित समय पर शुरू होनी थी, लेकिन कुछ छात्र 10:00 बजे के बाद केंद्र पर पहुंचे। विद्यालय प्रशासन ने सीबीएसई के नियमों का हवाला देते हुए गेट बंद कर दिया और देर से पहुंचे छात्रों को प्रवेश देने से मना कर दिया। प्रवेश न मिलने से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों व अभिभावकों को समझा-बुझाकर सड़क से हटाया। इसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। प्रधानाचार्य करतार सिंह ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्धारित समय के बाद आने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जा सकता। छात्र 10:00 बजे के बाद पहुंचे थे, इसलिए नियमानुसार गेट बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन ने बोर्ड के दिशा-निर्देशों का पालन किया है। वहीं, अभिभावकों का कहना है कि कुछ छात्रों को मामूली देरी के कारण परीक्षा से वंचित कर दिया गया, जिससे उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है। अभिभावकों ने मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग की है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। परीक्षा के पहले दिन हुई इस घटना से छात्रों और अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित कर लिया, लेकिन छात्रों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
Follow Samachar24