पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को कैलिया पुलिस ने किया गिरफ्तार
Gargachary Times
18 February 2026, 18:19
32 views
Mathura
जालौन। थाना कैलिया पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा और क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में अभियान चला रही थी।
इसी क्रम में 18 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर आरोपी को आसूपुरा-पीपरी मार्ग स्थित सामी बैंक मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र सिंह पुत्र विनीश, उम्र लगभग 23 वर्ष, निवासी ग्राम सामी, थाना कैलिया, जनपद जालौन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना कैलिया में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 13/26 में वांछित था, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 74, 331(4), 352, 351(2), 78 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 शामिल हैं। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना कैलिया में मुकदमा अपराध संख्या 47/19 धारा 323, 452, 504 आईपीसी के तहत दर्ज है, जिससे उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी अवनीश कुमार, उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्रा और हेड कांस्टेबल आशीष कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों में पुलिस का भय बना है।