पापा एनजीओ ने लगाया RTE सहायतार्थ कैंप
Gargachary Times
19 February 2026, 18:56
31 views
Agra
आगरा के झूलेलाल कॉलोनी वाल्मीकि बस्ती, विजय नगर, गधापाड़ा रोड क्षेत्र में प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ़ पेरेंट्स अवेयरनेस (PAPA NGO) द्वारा दुर्बल और अलाभित समूह के बच्चों के लिए आरटीई के अंतर्गत स्कूली दाखिले हेतु एक विशेष सहायता शिविर आयोजित किया गया. शिविर का उद्देश्य उन अभिभावकों तक सरकारी योजना की वास्तविक जानकारी पहुँचाना था जो जानकारी के अभाव या तकनीकी जटिलताओं के कारण अपने बच्चों का प्रवेश नहीं करा पा रहे थे.
इस कार्यक्रम का संयोजन पापा एनजीओ की ओर से राघवेंद्र उपाध्याय ने किया. शिविर में दस्तावेज़ सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक कागज़ों की सूची और प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
राघवेंद्र उपाध्याय ने कहा कि शिक्षा किसी वर्ग विशेष का अधिकार नहीं बल्कि प्रत्येक बच्चे का संवैधानिक हक है. यदि व्यवस्था जटिल है तो समाज का दायित्व है कि वह सरल मार्ग बनाए. हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा केवल जानकारी या संसाधन के अभाव में शिक्षा से वंचित न रह जाए. जब अभिभावक जागरूक होते हैं तभी योजनाएँ ज़मीन पर उतरती हैं.
पापा एनजीओ के संस्थापक दीपक सिंह सरीन ने कहा कि आरटीई कानून केवल कागज़ों में सीमित न रहे, यह सुनिश्चित करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है. शिक्षा में समान अवसर ही सामाजिक न्याय की आधारशिला है. हम प्रत्येक बस्ती।प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक पहुँचने के लिए प्रतिबद्ध हैं. जब तक अंतिम पंक्ति का बच्चा स्कूल की दहलीज तक नहीं पहुँचता तब तक हमारा अभियान जारी रहेगा.
स्थानीय स्तर पर छोटू वाल्मीकि, इमरान खान, रवीना, सावित्री देवी, अनुज, कांची, रिंकू कुमार वरुण, विजय, शेर सिंह, अनुज कुमार, विक्की, गौरव सहित अनेक अभिभावकों और युवाओं ने सक्रिय सहयोग दिया.