बरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नगला खंगर थाने का किया वार्षिक निरीक्षण, अभिलेखों को परखने के साथ दिए कड़े निर्देश
Gargachary Times
20 February 2026, 20:29
69 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सौरभ दीक्षित ने शुक्रवार को जनपद के थाना नगला खंगर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और जनसुनवाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि फरियादियों के साथ मधुर व्यवहार और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनसुनवाई और डिजिटल पोर्टल की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जनसुनवाई रजिस्टर, यूपी कॉप ऐप, आईजीआरएस (IGRS) और मुख्यमंत्री पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने महिला हेल्पडेस्क पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता बरती जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपराध नियंत्रण और टॉप-10 अपराधियों पर पैनी नजर
थाना परिसर के निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर और त्यौहार रजिस्टर का अवलोकन किया गया। एसएसपी ने थाना क्षेत्र के टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने अवैध शराब की तस्करी और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल पर फीडिंग के कार्यों को भी चेक किया गया।
शस्त्रों के रख-रखाव और व्यवहार कुशलता पर जोर
एसएसपी ने मालखाने का निरीक्षण कर वहां रखे सामानों के व्यवस्थित रख-रखाव और थाने में उपलब्ध शस्त्रों की साफ-सफाई व उनके सुरक्षित संचालन को परखा। मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने आने वाले हर पीड़ित के साथ शालीन व्यवहार करें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सिरसागंज अनिवेश सिंह, एसएसपी के रीडर, प्रभारी निरीक्षक नगला खंगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।