उप मुख्यमन्त्री केशव प्रसाद मौर्य जर्मनी पहुंचे
Gargachary Times
22 February 2026, 20:59
23 views
Internation
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के जर्मनी पहुंचने पर फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर भारत की काउंसल जनरल सुश्री शुचिता किशोर द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने श्री मौर्य का अभिनंदन करते हुए भारत और जर्मनी के मध्य प्रगाढ़ होते आर्थिक एवं औद्योगिक संबंधों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह विदेश दौरा उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ‘Invest UP’ के माध्यम से प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं, निवेश-अनुकूल नीतियों एवं आधारभूत संरचना को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, एमएसएमई, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने के लिए ठोस रणनीति के साथ कार्य कर रही है।
श्री मौर्य ने कहा कि जर्मनी की उच्च तकनीकी विशेषज्ञता, स्मार्ट मोबिलिटी मॉडल एवं उन्नत औद्योगिक तंत्र का अध्ययन कर उत्तर प्रदेश में आधुनिक, टिकाऊ एवं तकनीक-आधारित अवसंरचना के विकास को गति दी जाएगी। तकनीकी सहयोग, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास तथा औद्योगिक साझेदारी के विविध आयामों पर भी विचार-विमर्श प्रस्तावित है।
उन्होंने आगे कहा कि जर्मनी जैसे वैश्विक आर्थिक केंद्रों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सशक्त पहचान दिलाना इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य है। निवेशकों, उद्योग संगठनों एवं प्रमुख हितधारकों के साथ बैठकें कर दीर्घकालिक एवं परिणामोन्मुख निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे प्रदेश में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि दौरे के दौरान भारतीय संस्कृति, योग एवं परंपरा का प्रतिनिधित्व कर भारत की सॉफ्ट पावर को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा। यह पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित सक्रिय विदेश नीति के अनुरूप है तथा उत्तर प्रदेश की प्रगतिशील, सुरक्षित एवं निवेश-अनुकूल छवि को वैश्विक स्तर पर और मजबूती प्रदान करेगी।
विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा उत्तर प्रदेश और जर्मनी के मध्य औद्योगिक, तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग को नई दिशा देगी तथा राज्य में व्यापक और सार्थक निवेश आकर्षित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।