Loading...

संस्कृति, प्रकृति और अध्यात्म का अनूठा संगम बना मथुरा रिफाइनरी फ्लावर शो

Gargachary Times 23 February 2026, 18:17 31 views
Mathura
संस्कृति, प्रकृति और अध्यात्म का अनूठा संगम बना मथुरा रिफाइनरी फ्लावर शो
मथुरा रिफाइनरी पर्यावरण सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु प्रतिवर्ष भव्य फ्लावर शो एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती है। इसी क्रम में रिफाइनरी नगर स्थित नगर चौपाल में 40वां वार्षिक फ्लावर शो आयोजित किया गया। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन का उद्घाटन मथुरा की माननीय सांसद हेमा मालिनी द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं प्रमुख श्री मुकुल अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में टाउनशिप निवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्लोक कुमार, आईपीएस, एसएसपी मथुरा ने भी सहभागिता करते हुए रिफाइनरी के प्रयासों की सराहना की। फ्लावर शो में ब्रह्माकुमारी द्वारा इंडियन ऑयल के SPRINT अभियान के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला गया। स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी बी.के. कृष्णा दीदी ने अभियान की सफलता हेतु आत्म-सशक्तिकरण एवं मूलभूत नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर बल देते हुए राजयोग की प्रासंगिकता को रेखांकित किया। ब्रह्माकुमारी द्वारा प्रस्तुत वैल्यू गेम्स प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें प्रतिभागियों ने खेल-खेल में जीवनोपयोगी मूल्यों को सहज रूप से समझा। फ्लावर शो में 100 से अधिक प्रजातियों के फ्लावरिंग प्लांट्स, डेकोरेटिव प्लांट्स एवं कट फ्लावर प्रदर्शित किए गए। फूलों से निर्मित विविध कलाकृतियां दर्शकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। कार्यक्रम के दौरान टाउनशिप के सैकड़ों निवासियों ने फ्लावर डेकोरेशन एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दो दिवसीय आयोजन में आसपास के क्षेत्र के लोगों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर प्रकृति के इस उत्सव का आनंद लिया। साथ ही, विभिन्न आकर्षक आकृतियों के साथ सेल्फी लेकर सभी ने यादगार क्षणों को संजोया।
Follow Samachar24